मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने अपने अभियान के तहत मुंबई में मेट्रो ट्रेनों का संचालन 15 अक्टूबर से चरणबद्ध तरीके से करने की अनुमति देने का बुधवार को फैसला किया। यहां जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, सरकार ने इसके साथ ही गुरुवार से सभी सरकारी और निजी पुस्तकालयों को फिर से खोलने की भी अनुमति दी जिसके लिए कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना होगा।
सरकार ने कल से कंटेनमेंट जोन के बाहर उद्योग प्रदर्शनियों को भी इजाजत दी।
स्थानीय साप्ताहिक बाजारों को भी कंटेनमेंट जोन के बाहर फिर से खोलने की इजाजत दी जाएगी। इसमें जानवरों के बाजार भी शामिल होंगे। भीड़ कम करने के उद्देश्य से बाजार और दुकानों को कल से रात 9 बजे तक दो अतिरिक्त घंटे खोलने की इजाजत होगी।
सरकार ने विभिन्न हवाई अड्डों पर आने वाले घरेलू यात्रियों के लिए कोविड-19 जांच के बाद अमिट स्याही से मुहर लगाना बंद करने का फैसला किया है। इसी तरह से रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच और उन पर मोहर लगाना भी बंद किया जाएगा।
धार्मिक स्थल रहेंगे बंद : महाराष्ट्र में कोरोना लॉकडाउन के दौरान बंद किए धार्मिक स्थलों को दोबारा खोलने की मांग को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है और अनलॉक-5 में उन्हें खोलने पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। धार्मिक स्थलों को खोलने की विपक्ष लगातार मांग कर रहा है। इस संबंध में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र भी लिखा था।
The post महाराष्ट्र में आज से शुरू होगी मेट्रो, धार्मिक स्थल नहीं खुलेंगे appeared first on SAKSHAM NEWS INDIA.
(SAKSHAM NEWS INDIA)